रामगोपाल जेना,चाईबासा : टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह द्वारा झारखंड आंदोलनकारी एवं झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले पर झामुमो जिला समिति की अपात बैठक में झामुमो के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक से टेलीफोन पर बातचीत की थी. बातचीत के दौरान मंत्री ने कड़े शब्दों में नाराजगी जताते हुए कहा था कि एक जिला प्रवक्ता और झारखंड आंदोलनकारी के साथ थाना प्रभारी का इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है.मंत्री ने यह भी कहा था कि संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ पहले से ही स्थानीय जनता, मुंडा-मानकी व्यवस्था से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों तथा झामुमो के प्रखंड अध्यक्षों की ओर से शिकायतें मिलती रही हैं. लगातार शिकायतें मिलना प्रशासन और पुलिस व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है. उन्होंने एसपी से तत्काल थाना प्रभारी को हटाने का निर्देश दिया था.(नीचे भी पढ़े)
इस पर पुलिस अधीक्षक ने मंत्री को आश्वस्त किया था कि थाना प्रभारी को हटा दिया जाएगा. हालांकि दीपावली का समय होने और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक थाना प्रभारी की व्यवस्था करने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने दो दिनों का समय मांगा था. एसपी ने दीपावली के तुरंत बाद थाना प्रभारी को हटाने का भरोसा दिया था. जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने बताया कि 5 नवंबर को हुई इस बातचीत की जानकारी जिला कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी के माध्यम से भी मिली थी. इसके बाद संबंधित पार्टी नेताओं एवं बुधराम लागुरी को भी इस घटनाक्रम से अवगत कराया गया. 6 नवंबर को सुबह 9 बजे एसपी से मिलने की भी योजना बनी थी. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ साथियों के बीच चर्चा हुई कि जब मंत्री के हस्तक्षेप के बाद एसपी स्वयं थाना प्रभारी को हटाने का स्पष्ट आश्वासन दे चुके हैं, तो प्रशासन को अपना वादा पूरा करने का अवसर दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य इस घटना को अनावश्यक रूप से सार्वजनिक करके राजनीतिक चर्चा का विषय बनाना नहीं था. झामुमो के एक वरिष्ठ साथी और झारखंड आंदोलनकारी के साथ हुआ दुर्व्यवहार केवल किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे संगठन और झारखंड आंदोलन की भावना का अपमान है. संगठन इस घटना को गंभीरता से ले रहा था और चाहता था कि प्रशासन अपने स्तर पर उचित कार्रवाई करे.(नीचे भी पढ़े)
सोनाराम देवगम ने स्पष्ट कहा कि झामुमो किसी भी अधिकारी के अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगा. पुलिस प्रशासन का दायित्व आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है. थाना जनता की समस्याओं के समाधान का स्थान है, न कि आम लोगों या जनप्रतिनिधियों को अपमानित करने का. उन्होंने कहा कि मंत्री के स्पष्ट निर्देश और पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बावजूद यदि संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की रणनीति तय करेगा. झामुमो जिला अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से किसी भी शिकायत पर या मांग पर वे अपने आश्वासन के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास बना रहे. बैठक में कुल 6 प्रस्ताव पारित किये गए जिसमें जिला स्तर पर जिला प्रशासनिक अधिकारी और प्रखंड के पदाधिकारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित बनाने के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ, झामुमो जिला समिति द्वारा सभी प्रखंडो का दौरा, जिले में झारखण्ड विरोधी, आदिवासी विरोधी तथा कर्तव्यहीन एवं भ्रष्ट पदाधिकारीरियों की सूचि बनाकर जिला समिति द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपा जायेगा, सेवा का अधिकार के तहत तय समय पर आम जनता का काम नहीं करने वाले सरकारी पदाधिकारी तथा कर्मचारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने और विगत दिनों नोवामुंडी प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा झामुमो जिला कार्यसमिति के सदस्य मनोज लागुरी और झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ हुई घटना तथा झारखण्ड विरोधी, आदिवासी विरोधी मानसिकता वाले पुलिस पदाधिकारियों को थानों में नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया गया है. बैठक में जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, दीपक कुमार प्रधान, मुजाहिद अहमद, बिश्वनाथ बाड़ा, मनोज लागुरी, मिथुन गागराई, कांडे तियू, वन्दना उरांव, जीतू बारी, अभिषेक कुमार सिंकु, सन्देश सरदार, निसार हुसैन (डोगर), श्रीमती मोनिका बोयपाई, मन्नाराम कुदादा, प्रेम मुंडरी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.












