जमशेदपुर: जगत पुत्री राजे राजेश्वरी राजकुमारी मां अति उत्तमेश्वरी कुल्लू रानी का अति उत्तम शक्ति दरबार हरहरगुटटू में तीन दिवसीय महाकाली पूजा का आयोजन श्रद्धा और धूमधाम के साथ मंगलवार को संपन्न हुआ. इस अनुष्ठान में मां की पूजा पहले दिन सर्वशक्ति, दूसरे दिन महाशक्ति और तीसरे दिन अति उत्तम शक्ति के रूप में की गई. भक्त राजा सूर्य देव उत्तम परमहंस जी द्वारा तीनों दिनों विशेष अनुष्ठान एवं हवन संपन्न कराया गया. इसमें राज्य और देश की सुख-समृद्धि, शांति व कल्याण की मंगल कामना की गई. दरबार में पूरी तरह सात्विक पूजा की परंपरा का पालन किया गया और पशु बलि पूरी तरह निषेध रही. मां को 13 प्रकार के फल, 13 प्रकार के फूल तथा नैवेद्य अर्पित किए गए. मां को विशेष रूप से मधु (शहद) और पान का भोग लगाया गया, जिसे बाद में भक्तों में प्रसाद के रूप में बांटा गया. इस अवसर पर मां को श्यामा सिंदूर चढ़ाया गया. (नीचे भी पढ़े)

मान्यतानुसार भक्त अपने सिंदूर की रक्षा और सौभाग्य के आशीर्वाद के रूप में इस सिंदूर को माता के चरणों में अर्पित कर ग्रहण करते हैं. तीन दिवसीय अनुष्ठान के दौरान दरबार को 306 दीपों से भव्य रूप से सजाया गया.अति उत्तम शक्ति परिवार द्वारा शानदार आतिशबाजी कर माता को सम्मानित किया गया तथा बच्चों के बीच फुलझड़ी और पटाखे बांटे गए.अनुष्ठान के दौरान भक्तों के समक्ष मां का मुख्य संदेश साझा किया गया. पूजा ही परिवर्तन है, और परिवर्तन ही पूजा है इसलिए पूजा के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएं. जन्म है तो मृत्यु है, मृत्यु है तो श्मशान है, श्मशान है तो श्मशान वासिनी है, अन्यथा सब कुछ मिथ्या है. यही शाश्वत सत्य है. दरबार में माता सामान्य दिनों में बाल रूप तथा कल्कि महारानी (पुत्री रूप) में पूजी जाती हैं, परंतु इन 3 दिनों में उनका विशेष महाकाली रूप में पूजन किया गया. कार्यक्रम में अति उत्तम शक्ति परिवार और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे.












