जमशेदपुर : गुलमोहर हाई स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र अक्षत सरकार ने नेशनल डिजाइन चैंपियनशिप 2026 की सीनियर कोडिंग कैटेगरी (नॉर्थ ईस्ट रीजन) में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जमशेदपुर शहर को गौरवान्वित किया है. अक्षत ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट ‘मर्करी’ के माध्यम से तकनीक और सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है. यह एक एआइ-पावर्ड साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर है, जो कंप्यूटर विजन, मशीन लर्निंग और जेस्चर रेकॉग्निशन की सहायता से सांकेतिक भाषा को समझने और संचार संबंधी बाधाओं को कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है. इस प्रोजेक्ट में पाइथन, जावा स्क्रिप्ट, मीडिया पाइप, ओएनएनएक्स रन टाइम और थ्री.जेएस जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने कहा कि अक्षत की सफलता पूरे गुलमोहर परिवार के लिए गर्व का विषय है. उनकी उपलब्धि की सबसे विशेष बात यह है कि उन्होंने तकनीक का उपयोग एक सामाजिक समस्या के समाधान के लिए किया है. हमारा मानना है कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए. बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, स्वतंत्र चिंतन और नए प्रयोग करने का साहस विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है. अक्षत ने सिद्ध किया है कि सही प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपने विचारों को समाज के लिए उपयोगी नवाचारों में बदल सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गुलमोहर हाई स्कूल निरंतर एक्सपेरिमेंटल लर्निंग, डिजाइन थिंकिंग और स्टूडेंट-लेड इनोवेशन को प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि विद्यार्थी भविष्य के रचनात्मक समस्या-समाधान कर्ता और जिम्मेदार नव प्रवर्तक बन सकें. अक्षत की यह उपलब्धि विद्यालय की ‘इनोवेशन विद परपस’ की सोच को साकार करती है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है.












