जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान गुरुवार को होमगार्ड जवानों ने एक युवक को हड़िया के साथ पकड़ लिया. युवक अस्पताल के अंदर हड़िया लेकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. घटना दोपहर करीब दो बजे की है. जवानों ने जांच के दौरान युवक के बैग को चेक किया तो उसमें एक बोतल में हड़िया रखा मिला. (नीचे देखे पूरी खबर)

पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि वह भालूबासा का रहने वाला है और अस्पताल के तीसरे तल्ले पर भर्ती अपने मरीज के लिए मुड़ी और आलू चॉप लेकर आया है. बैग में मिली हड़िया की बोतल के संबंध में उसने स्वीकार किया कि वह अपने पीने के लिए इसे साथ लाया था. अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उसे पीने की योजना थी. इसके बाद होमगार्ड जवानों ने युवक को पूछताछ केंद्र में बैठाकर जमकर फटकार लगाई. साथ ही हड़िया अस्पताल के बाहर रखकर ही अंदर जाने की हिदायत दी. जवानों ने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर में नशीले पदार्थों का सेवन और प्रतिबंधित वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं है. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल के प्रवेश द्वार पर पास जांच के साथ सामानों की भी निगरानी की जा रही है.












