जमशेदपुर : ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (ओएनटीएचएचपीसी) की बॉयज टीम ने नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए प्रतिष्ठित 54वें नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट (बॉयज अंडर-17 वर्ग) का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एनसीसी लखनऊ को 4-3 से हराया. इस जीत के साथ ओएनटीएचएचपीसी ने तीन साल बाद एक बार फिर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. टीम ने आखिरी बार 2023 में यह खिताब जीता था और अब एक बार फिर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. (नीचे भी पढ़ें)

पूरे टूर्नामेंट के दौरान ओएनटीएचएचपीसी की बॉयज टीम ने शानदार जज्बे, टीम भावना और जीत के लिए संघर्ष करने का दमखम दिखाया. टीम ने एक के बाद एक बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की. टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की. ग्रुप फेज के अपने पहले मुकाबले में उसने चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 37 डी को 4-2 से हराया. इसके बाद सोनीपत की टीम के खिलाफ भी 4-2 से जीत दर्ज कर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा और सेमीफाइनल में जगह पक्की की. सेमीफाइनल में ओएनटीएचएचपीसी का मुकाबला नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर की मजबूत टीम से हुआ. हालांकि, ओएनटीएचएचपीसी के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 4-2 से एक और जीत दर्ज की और ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह पक्की की. एनसीसी लखनऊ के खिलाफ बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. दोनों टीमों ने खिताब जीतने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन ओएनटीएचएचपीसी के खिलाड़ियों ने धैर्य, हौसले और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए कड़े मुकाबले में 4-3 से जीत हासिल की और चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

टीम की इस शानदार उपलब्धि में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब मनीष नाइक को पूरे टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. टीम की इस उपलब्धि पर अपनी बात रखते हुए हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीईओ कैप्टन अमिताभ ने कहा कि यह चैंपियनशिप जीत पूरे ओएनटीएचएचपीसी परिवार के लिए गर्व का पल है. तीन साल बाद नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीतना हमारे युवा खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ की लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत का नतीजा है. पूरे टूर्नामेंट के दौरान लड़कों ने शानदार खेल भावना और हौसला दिखाया. खासकर फाइनल मुकाबले में दबाव के बीच भी उन्होंने जिस धैर्य और संयम का परिचय दिया, वह काबिले तारीफ है. इस तरह की उपलब्धियां युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उच्चतम स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए सही मंच उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा, मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह सफलता उन्हें भविष्य में और भी बड़ी ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी. यह जीत युवा खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ-साथ ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के कोचिंग और सहयोगी स्टाफ की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है. तीन साल के अंतराल के बाद खिताब पर फिर से कब्जा जमाकर ओएनटीएचएचपीसी के खिलाड़ियों ने भारतीय जूनियर हॉकी में अपनी बढ़ती ताकत को एक बार फिर साबित किया है. 54वां नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट सेंटर की उस यात्रा का एक यादगार अध्याय बन गया है, जिसका उद्देश्य भविष्य के हॉकी स्टार्स को तैयार करना है.












