जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह नदी घाट पर साफ-सफाई अभियान चलाया. बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार के नेतृत्व में नदी तट की सफाई कराई गई, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस दौरान जानकारी मिली कि कुछ श्रद्धालुओं द्वारा नदी घाट पर पहले से ही जगह घेरकर रखी गई थी. इस पर थाना प्रभारी मंटू कुमार ने स्पष्ट रूप से घाट पर जगह छेकने की परंपरा पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा कि घाट सभी श्रद्धालुओं के लिए है. किसी को भी पहले से जगह घेरकर रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि लुपुंगडीह एक बड़ा छठ घाट है. यहां अधिक से अधिक श्रद्धालु पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में लोक आस्था का महापर्व छठ मनाएं.
वहीं, घाट पर छठ पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर थाना प्रभारी ने बताया कि भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हो. हालांकि, भीड़ और जाम से निपटने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तथा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सफाई अभियान में थाना प्रभारी मंटू कुमार के अलावा एसआई विष्णु कुमार, एसआई कमलेश कुमार एवं हुरलुंग पंचायत की मुखिया लीना मुंडा, समाजसेवी भीखू महतो, संजय घोष सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल हुए. प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की इस पहल से छठ घाट को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं.












