आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के जागृति मैदान से काली प्रतिमा का विसर्जन करने बिष्टुपुर स्थित खरकई नदी घाट पहुंचे युवकों के साथ विसर्जन के बाद मारपीट की घटना हुई. इसमें आदित्यपुर रोड नंबर-14 निवासी छोटू नामक युवक घायल हो गया. उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया. घटना का आरोप चुनाभट्ठा क्षेत्र के कुछ युवकों पर लगाया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, जागृति मैदान की पूजा समिति के सदस्य और अन्य युवक काली प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए खरकई नदी घाट पहुंचे थे. प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. इस दौरान छोटू को गंभीर चोटें आईं. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है. घटना के बाद मामला उस समय और संवेदनशील हो गया, जब चुनाभट्ठा इलाके में कुछ युवकों के एकजुट होने की सूचना विसर्जन में शामिल लोगों तक पहुंची. इससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई. सुरक्षा को देखते हुए आदित्यपुर लौट रहे समिति के सदस्य और युवक जमशेदपुर में ही रुक गए. उन्हें डर था कि वापस लौटने के दौरान रास्ते में उनके साथ फिर मारपीट हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही आरआईटी और आदित्यपुर थाने की पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट हुई है. उन्होंने किसी बड़े टकराव की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल प्राथमिकता विसर्जन में शामिल सभी युवकों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की है. घायल युवक को भी सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. फिलहाल इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस की तत्परता से संभावित टकराव टल गया, लेकिन घटना के मद्देनजर इलाके में सतर्कता बरतने की जरूरत बनी हुई है.












