जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा गांव में चल रही मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. गुरुवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई. हालांकि, छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष कार्य बल ने निरीक्षक उत्पाद धालभूम प्रक्षेत्र अशोक कुमार के नेतृत्व में गदड़ा गांव में छापेमारी की. इस दौरान मौके पर मिनी विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री संचालित होने का खुलासा हुआ. उत्पाद विभाग की टीम ने घटनास्थल की विधिवत तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और अन्य सामान जब्त किया. (नीचे भी पढ़ें)

छापेमारी के दौरान 500 लीटर क्षमता वाले एक सिंटेक्स टैंक और तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 330 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की गई. इसके अलावा विभिन्न ब्रांड की 72 पेटियों में रखी 821.53 लीटर बोतलबंद विदेशी शराब तथा 180 लीटर तैयार रंगीन शराब जब्त की गई. टीम को मौके से शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली. इसमें विभिन्न ब्रांड के 20 हजार ढक्कन, ग्लास और पीईटी के करीब पांच हजार खाली बोतल, विभिन्न ब्रांड के सात हजार लेबल और पांच हजार नकली होलोग्राम शामिल हैं. बरामद सामग्री से आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार कर उसे विभिन्न ब्रांड के नाम पर बाजार में खपाने की तैयारी थी. (नीचे भी पढ़ें)
उत्पाद विभाग के अनुसार, अंधेरा होने के कारण फैक्ट्री में मौजूद सभी आरोपी भागने में सफल रहे. फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है. सभी फरार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत न्यायालय में फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.












