चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर दलमा गेट से पहले शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक और युवती घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, युवक और युवती स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर अपनी सही दिशा में जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी. ठोकर लगते ही दोनों सड़क पर गिर कर जख्मी हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के समय उक्त स्थान पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था. हादसा होते देख वहां मौजूद मजदूर तत्काल घायलों की मदद के लिए पहुंचे. मजदूरों ने दोनों को पानी पिलाया और उठाकर संभाला. इसके बाद घायल अवस्था में ही दोनों किसी तरह एक अन्य गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए. हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. ट्रैक्टर चालक के फरार होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी. दोनों घायलों की पहचान और उनकी स्थिति के संबंध में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है.












