पोटका: सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को पोटका प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. इस अवसर पर व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना कर लौकी-भात का प्रसाद ग्रहण किया और छठ व्रत का संकल्प लिया. छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा. रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा सोमवार को उदयीमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा. पर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं. (नीचे भी पढ़े)

इधर, छठ पूजा के आयोजन को लेकर प्रशासन भी सक्रिय है. शुक्रवार को पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण मुंडा, थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो एवं अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों ने हाता स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान शाह स्पंज के सहयोग से घाट की साफ-सफाई कराई गई. अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. घाटों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है. इस मौके पर सूर्यनारायण झा, राकेश मिश्रा, विघन कुम्भकार, कमलेश मिश्रा, राकेश सिंह, बापटु विश्वास एवं रितेश झा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.












