रांची: सिमडेगा से कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ उनके घर में काम करने वाली एक नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर यौन शोषण और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. पीड़िता इस मामले में शिकायत करने धुर्वा थाने पहुंची है. इससे पहले पीड़िता ने झारखंड सरना विकास समिति को अपनी पीड़ा बतायी.समिति के केंद्रीय अध्यक्ष मेघा उरांव के अलावा बबलू मुंडा, सन्नी टोप्पो समेत अन्य आदिवासी नेता भी धुर्वा थाने में मौजूद हैं. इस बीच हटिया के डीएसपी नीरज कुमार भी धुर्वा थाना पहुंचे. जानकारी के अनुसार पीड़िता के माता-पिता नहीं हैं और वह विधायक के आवास पर घरेलू काम करती थी.(नीचे भी पढ़े)
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा है कि एक नाबालिग लड़की के द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म करने की बात बताई गई है. दुष्कर्म का आरोप सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर लगा है. पुलिस लड़की के आरोपों की जांच कर रही है. मेडिकल चेकअप के लिए पीड़िता को सदर अस्पताल ले जाया गया है.इस पूरे मामले पर विधायक भूषण बाड़ा का अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हमने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के विधानसभा स्थित विधायक आवास पर जाकर उनसे बात करने की कोशिश की, वहां उनकी पत्नी ने कहा कि आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं.भूषण बाड़ा की पत्नी ने कहा कि लड़की को उसके गांव से लाया गया था. गांव में लड़की अपने दादा के साथ रहती थी. बच्ची के माता-पिता नहीं थे, इसको देखते हुए उसके भविष्य को संवारने के लिए हमने रखा था.












