जमशेदपुर : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के खरना के पावन अवसर पर बालिगुमा दुर्गा मैदान में निःशुल्क पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान वार्ड संख्या-9 के वार्ड पार्षद एवं ठाकुर जय मंगल सिंह क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में 251 छठ व्रतियों के बीच केले की कांदी, नारियल और अन्य पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया.
गौरतलब है कि राजेश सिंह पिछले छह वर्षों से लगातार छठ महापर्व के अवसर पर छठ व्रतियों की निःस्वार्थ भाव से सेवा करते आ रहे हैं. इस वर्ष भी उन्होंने अपनी इस परंपरा को जारी रखते हुए श्रद्धा और सेवा भाव के साथ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री वितरित की. सामग्री प्राप्त कर छठ व्रतियों ने प्रसन्नता जाहिर की और इस पहल की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर राजेश सिंह ने कहा कि छठ व्रतियों की सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है. यह सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता कि उसे छठी मैया के भक्तों की सेवा करने का अवसर प्राप्त हो. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान जरूरतमंद व्रतियों को यथासंभव सहयोग मिल सके. उन्होंने छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूरी करने और परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, स्थानीय समाज के लोग और क्लब के कार्यकर्ता उपस्थित रहे. मौके पर अशोक, अनिल, दिलीप, मनीष, सुजीत, विजय, शैलेन्द्र, छोटू, साहू, बिनोद, मंजेश, मिंटू, नीरज सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद थे. सभी ने मिलकर वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया. इस सेवा कार्य के माध्यम से राजेश सिंह ने एक बार फिर सामाजिक सहयोग, सेवा और आस्था की मिसाल पेश की.












