जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार रात डकैती की नीयत से दो नकाबपोश बदमाशों के एक घर में घुसने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने घर में मौजूद प्रोफेसर और उनके बेटे को चाकू से हमला करने की कोशिश की. शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए. इस दौरान एक बदमाश मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के संबंध में प्रोफेसर जयंत प्रसाद सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर में बैठकर खाना खा रहे थे. इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे दो बदमाश चाकू और चापड़ लेकर उनके घर में घुस आए. एक बदमाश ने चाकू और चापड़ दिखाकर उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया. विरोध करते हुए जब उन्होंने शोर मचाया तो उनका बेटा भी मौके पर पहुंच गया. इस दौरान बदमाशों ने पिता-पुत्र पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिससे दोनों को हल्की चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रोफेसर के अनुसार, घर में उनकी बहन भी मौजूद थीं. बदमाशों ने उन्हें भी चाकू के बल पर डराया-धमकाया और घर के अंदर तक ले गए. इसी बीच शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंच गए. लोगों की भीड़ जुटती देख एक बदमाश फरार हो गया, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची मानगो थाना पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले गई. बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक के बैग से रस्सी, पेचकस और चाकू समेत कई सामान मिलने की बात सामने आई है. इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों बदमाश चोरी या डकैती की नीयत से घर में घुसे थे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया युवक अत्यधिक नशे की हालत में था. उसे खुद भी इस बात का होश नहीं था कि वह कहां और किसके घर में घुस गया है. थाना प्रभारी के अनुसार, युवक के पास से कोई हथियार भी बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.












