सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक राइस मिल में काम करने वाले पांच कर्मचारियों ने अनजाने में छिपकली वाली सब्जी खा ली. खाना खाने के दौरान सब्जी में पकी हुई छिपकली मिलने की जानकारी होते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. किसी अनहोनी की आशंका से सभी तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, राइस मिल में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने ड्यूटी पर जाने से पहले सब्जी और खाना तैयार किया था. खाना खाने के बाद वे अपनी ड्यूटी पर चले गए. इसके बाद पहले से काम कर रहे कर्मचारी अपनी शिफ्ट पूरी कर घर लौटने से पहले उसी सब्जी को खाने लगे. बताया जाता है कि पांचों कर्मचारी करीब आधी सब्जी खा चुके थे. इसी दौरान उनकी नजर सब्जी में पड़ी छिपकली पर गई. जांच करने पर पता चला कि छिपकली सब्जी में गिरकर पक गई थी. यह देखकर सभी घबरा गए और बिना देर किए अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल पहुंचने वालों में रोहित भुइयां, जितेन महतो, अविनाश यादव, डिक्की और सोमनाथ महतो शामिल हैं. फिलहाल पांचों में उल्टी, चक्कर या अन्य किसी तरह के लक्षण सामने नहीं आए हैं. एहतियात के तौर पर सभी एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकीय जांच और इलाज के लिए पहुंचे हैं.












