जादूगोड़ा : यूसिल के खिलाफ सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हितकू पंचायत के विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघर्ष का अपनी मांगो के समर्थन में आज से आरंभ आमरण अनशन में पूर्व जिला परिषद् अध्यक्ष बुलू रानी सिंह व झामुमो नेता पलटन मुर्मू भी कूद पड़े हैं व अनशनकारियों के समर्थन में उतर आए है. पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बुलू रानी सिंह ने कहा कि यूसिल प्रबंधन ने नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के आस-पास के 32 गांवों को रोजगार देने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन यूसिल प्रबंधन एक मात्र गांव मुर्गाघुटू गांव के ही लोगों को रोजगार दे रही है. ऐसा नहीं चलेगा. मामले को सुलझाने के उद्देश्य से कई बार वार्ता हुई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा. अंत में विस्थापितों ने आमरण अनशन को हथियार बना लिया. अनशन में बैठे जालधर भूमिज, राकेश सिंह व विकास दास की मांग है कि यूसिल सात लोगों को ठेका कर्मी के रूप में रोजगार दे. (नीचे भी पढ़ें)
उधर आमरण अनशन को लेकर राजनीति भी गरमा गई है. इधर हितकू चौक स्थित आमरण अनशन स्थल पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बुलू रानी सिंह, अमित दास, अशोक दास ने अनशनकारियों की समर्थन में यूसिल प्रबंधन को खरी-खोटी सुनाई तथा यूसिल के खिलाफ हमला बोला तथा आंदोलकारियों की मांगों को जायज बताया. उन्होंने कहा कि जब तक यूसिल नियोजन में सभी गांव की भागीदारी सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन नहीं देती है, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा. आमरण अनशन में झामुमो नेता पलटन मुर्मू का समर्थन मिलने से अनशन करियो का उत्साह बढ़ गया है.












