जमशेदपुर : में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आजादनगर थाना पुलिस ने एनएच-33 स्थित दादा गैरेज के पास छापामारी कर आरोपियों के कब्जे से करीब 23.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. गांजे को तीन बैग में भरकर रखा गया था. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद गांजे की खेप बिहार भेजने की तैयारी थी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी कि जमशेदपुर से गांजे की बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने एनएच-33 स्थित दादा गैरेज के समीप निगरानी और छापामारी अभियान चलाया. इसी दौरान तीन बैग लेकर मौजूद दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया. बैग की तलाशी लेने पर कुल 17 पैकेट गांजा बरामद हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी 20 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी और परसुडीह के मकदमपुर रोड नंबर-2 निवासी 37 वर्षीय पुटलू भूमिज के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक संतोष कुमार के पास से 12 पैकेटों में 15.450 किलोग्राम गांजा, एक ओपो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद मिले. वहीं पुटलू भूमिज के पास से पांच पैकेटों में 8.497 किलोग्राम गांजा और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अब जांच का दायरा गांजे की खेप के वास्तविक स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी गिरोह तक पहुंचने पर केंद्रित है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बिहार में गांजा किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.












