जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बिना पर्यावरण स्वीकृति लिए अवैध रूप से और रिहायशी इलाकों के बीच खुले स्थान पर कूड़ा कचरा डालने के लिए मानगो नगर निगम के खिलाफ कानूनी कारवाई करने के लिए विधिवत लिखित शिकायत दर्ज कराया है. इसको लेकर कार्रवाई करने की मांग की गयी है. इसको लेकर विधायक सरयू राय ने उपायुक्त को पत्र लिखकर मानगो नगर निगम द्वारा अपने ठोस अपशिष्टों को डम्प (जमा) करने में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम-2026 के नियमों का उल्लंघन पर कारवाई करने की मांग की गयी है. उन्होंने बताया कि यदि अपने ठोस अपशिष्टों को डम्प करने में नगरपालिका या कोई अन्य नियमों का उल्लंघन करता है तो इस सम्बन्ध में बने कानून में प्रावधान है कि इसकी शिकायत स्थानीय उपायुक्त के समक्ष की जा सकती है इसलिए मैं यह शिकायत आपके समक्ष दर्ज करा रहा हूँ, ताकि आप अपने स्तर से नियम उल्लंघन करने वालें पर आवश्यक कार्रवाई करें. (नीचे भी पढे)
यह बताया गया है कि पर्यावरण प्रभाव आकलन (इआइए) 2006 की नियमावली और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के तहत किसी नगरपालिका द्वारा अपने ठोस अपशिष्टों को डम्प करने के लिए जिस स्थान को चुना जाएगा, उसके लिए पर्यावरण स्वीकृति (इसी) लेना अनिवार्य है परन्तु मानगो नगर निगम ने कल से पुनः बसुन्धरा स्टेट के सामने खाली पड़े मैदान में पृथक्करण किए बिना अपना ठोस अपशिष्ट गिरा रहा है. इसके लिए मानगो नगर निगम ने पर्यावरण स्वीकृति नहीं लिया है. आप सहमत होंगे कि निगम द्वारा खुले में की जा रही डंपिंग गैरकानूनी है. श्री राय ने बताया है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के अनुसार ठोस अपशिष्ट को खुले में या किसी सरकारी कार्यालय के पास डम्प (जमा) करने की अनुमति नहीं है. डम्प साईट्स की दूरी किसी रिहायशी इलाके, सार्वजनिक पार्क या सरकारी भवन से कम से कम 200 मीटर होना आवश्यक है. किसी नेशनल हाईवे से भी इसकी दूरी कम से कम 200 मीटर होनी चाहिए, जबकि यह डंपिंग स्थल एनएच-33 से सटा हुआ है. ठोस अपशिष्ट को पृथक्करण किए बिना किसी नगरपालिका द्वारा अपने ठोस अपशिष्ट को किसी स्थान पर डम्प (जमा) नहीं किया जा सकता है. किसी सरकारी कार्यालय से 200 मीटर से कम दूरी पर डंपिंग करना गैरकानूनी है परंतु स्वर्णरेखा परियोजना से सटे हुए यह डंपिंग स्थल होने के बाद भी मानगो नगर निगम ठोस अपशिष्ट की डंपिंग कर रहा है. गैरकानूनी काम कर रहा है और पता नहीं किसके आदेश से निगम स्थानीय जनता के विरुद्ध पुलिस बल का उपयोग कर रहा है.












