जमशेदपुर : परसुडीह इलाके में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला. चांदनी चौक स्थित ग्रामीण बैंक के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा परसुडीह के चांदनी चौक स्थित ग्रामीण बैंक के समीप हुआ. तेज रफ्तार कार ने अचानक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की. दोनों घायलों को पहले परसुडीह थाना लाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल दोनों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर, घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है और फरार कार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है.












