रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर गौशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर गौशाला परिसर में पंडित मुरारी मिश्रा के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. गोपाष्टमी के अवसर पर गौ माता को स्नान कराकर आकर्षक ढंग से सजाया गया. इसके बाद रोली, अक्षत, फूल-माला एवं अन्य पूजन सामग्री से विधिवत पूजा की गई. श्रद्धालुओं ने गौ माता को गुड़, हरा चारा एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया. (नीचे भी पढ़ें)

पूजा-अर्चना के दौरान पूरे गौशाला परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा. इस अवसर पर गौशाला से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौ संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया. मौके पर श्याम सुन्दर मोहता, संजीत विश्वकर्मा, दिलीप अग्रवाल, यश मोहता, मखन अग्रवाल, सुशील सिघानिया, राजु केजरीवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.












