चाकुलिया : चाकुलिया के नया बाजार स्थित कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी द्वारा संचालित गौशाला परिसर में मंगलवार से दो दिवसीय गोपाष्टमी महोत्सव शुरू हुआ. महोत्सव के प्रथम दिन सुबह में गौशाला परिसर में पूजा अर्चना की गई. गौशाला कमेटी और लोगों ने विधि-विधान के साथ गौमाता की पूजा अर्चना कर परिवार और क्षेत्र के लोगों के लिए सुख शांति और समृद्धि की कामना की. गोपाष्टमी के अवसर पर गौ माता को स्नान कराकर आकर्षक ढंग से सजाया गया और विधि-विधान के साथ पूजा की गई. लोगों ने गौ माता की पूजा कर गुड़, हरा चारा खिलाकर आशीर्वाद लिया. गौ पूजन के पश्चात गौशाला परिसर से गाजे बाजे के साथ गौमाता की जुलूस निकाला गया. (नीचे भी पढ़ें)
जुलूस मुख्य सड़क होते हुए बाजार परिभ्रमण कर वापस गौशाला पहुंचकर जुलूस समाप्त हुआ. जुलूस को जगह-जगह पर रोककर लोगों ने गौमाता की पूजा की और आशीर्वाद लिया. जुलूस में शामिल लोग गौमाता की जयकारा लगा रहें थे. शाम में कमेटी द्वारा आयोजित मेला का अतिथियों द्वारा उद्घाटन किया जाएगा. मौके पर अध्यक्ष गिरिधारी लाल गोयनका, मेला संयोजक अविनाश सुरेका, महामंत्री आलोक लोधा, विकास अग्रवाल, कैशव रूंगटा, बिट्ठल शर्मा, विवेकानंद लोधा, अरविंद गिरी समेत अन्य उपस्थित थे.












