धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक और एक मास्टर-की बरामद की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल और ओडिशा के चोर बाजार में चोरी की बाइक बेचते थे. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी ने थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.एसडीपीओ ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पर्व-त्योहारों के दौरान सघन गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 15 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना गेट के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे दो युवकों को रोका गया. बाइक के कागजात मांगने पर वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि बाइक (जेएच 05 एपी 7978) को 13 नवंबर को मुड़ाकाटी गांव में आयोजित बांदना पर्व मेले से चोरी किया था.पुलिस ने दोनों युवकों से आगे पूछताछ की तो उनके पास से चोरी की दो और बाइक बरामद हुईं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुनबनी गांव निवासी फुदान हांसदा (19) और घाटशिला थाना क्षेत्र के चेंगजोड़ा गांव निवासी एक नाबालिग के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फुदान हांसदा को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है.












