चाकुलिया: चाकुलिया के नया बाजार स्थित कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी द्वारा संचालित गौशाला परिसर में मंगलवार से दो दिवसीय गोपाष्टमी महोत्सव सह मेला का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि विधायक समीर मोहंती और गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने कहा कि चाकुलिया गौशाला में कमेटी के सदस्यों द्वारा वर्षो से गौसेवा कार्य कर क्षेत्र में लोगों को गौ माता की सेवा करने के प्रति प्रेरित करने का काम करते आ रहे हैं, जो सराहनीय है. उन्होंने कहा की गौशाला किसी धाम या तीर्थ स्थल से कम नहीं है. गौ माता में देवी देवताओं का वास है गौसेवा कर सभी पुण्य के भागीदार बने. (नीचे भी पढ़े)

श्री मोहंती ने कहा कि गौ माता की सेवा एवं संरक्षण हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है. गौसेवा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं बल्कि मानवता और जीवों के प्रति करूणा का प्रतीक भी है. उन्होंने समाज के युवाओं से गौमाता की सेवा,संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया. मौके पर संबोधित करते हुए गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी ने कहा कि गौसेवा कार्य कर क्षेत्र के लोगों ने चाकुलिया की अलग पहचान बनाई है. कहा की समाज के लोग गौशाला में गौ सेवा करने के साथ साथ गौ संरक्षण करने का भी सराहनीय कार्य कर रहे हैं, इसके लिए उन्होंने सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया. समारोह के पूर्व अतिथियों ने गौशाला परिसर में स्थित कृष्ण भगवान की पूजा कर हवन किया और गौमाता की पूजा कर गुड़ खिलाएं. इस मौके पर गौशाला कमेटी के उपाध्यक्ष रमेश लोधा,मेला संयोजक अविनाश सुरेका,महामंत्री आलोक लोधा, अमित भारतीय, विकास अग्रवाल, विवेकानंद लोधा समेत अन्य उपस्थित थे.












