जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कल्याणनगर चौक के पास दो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और मारपीट की. यही नहीं, उन्हें रोकने के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ा दी. इस घटना में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके पैर में चोट आई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना 15 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है. छठ पर्व को लेकर कल्याणनगर चौक पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. इसी दौरान दो युवक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों युवक उलझ गए. इस दौरान उन्होंने एक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई और मारपीट की. वहीं, दूसरे पुलिसकर्मी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश की. पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन वाहन उसके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने पर सीतारामडेरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे. घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया. इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक संगरास कच्छप के आवेदन पर सीतारामडेरा थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों की पहचान ह्यूम पाइप कल्याण नगर निवासी विक्की कुमार सिंह और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी अपने घर से फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.












