जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठनात्मक फेरबदल के तहत झारखंड के धर्मेंद्र तिवारी को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है. उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी भी बनाया गया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से 17 नवंबर को जारी पदाधिकारियों की सूची में यह नियुक्ति की गई है. धर्मेंद्र तिवारी इससे पहले भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष थे. इस पार्टी के मुख्य संरक्षक सरयू राय रहे हैं, जो वर्तमान में झारखंड विधानसभा में जनता दल (यूनाइटेड) के इकलौते विधायक हैं. श्री तिवारी को सरयू राय का करीबी और समर्थक माना जाता है. भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) के केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन के विस्तार और सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए काम किया था.(नीचे भी पढ़े)
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने देशभर में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों और प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी सौंपी है. इसी क्रम में श्री तिवारी को राष्ट्रीय सचिव के साथ पश्चिम बंगाल का प्रभार दिया गया है. उनकी नई जिम्मेदारी में पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन की गतिविधियों का संचालन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक विस्तार शामिल होगा. झारखंड में भी उनके सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलने की उम्मीद है. पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान के हस्ताक्षर हैं.












