जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्यों के तहत कोल्हान आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर रवि रंजन कुमार विक्रम द्वारा 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग की गई. इस क्रम में उन्होंने जेएच तारापोर एवं कबीरिया स्कूल, जाकिरनगर स्थित मतदान केंद्रों पर प्राप्त प्रपत्र-6 के आवेदनों की जांच की. साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी एवं अन्य श्रेणियों के मतदाताओं से संबंधित अभिलेखों का भी बारीकी से सत्यापन किया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से आवेदनों के निष्पादन एवं सत्यापन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान दस्तावेजों की उपलब्धता, प्रविष्टियों की शुद्धता तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन की भी जांच की गई.(नीचे भी पढ़े)

रोल ऑब्जर्वर ने निर्देश दिया कि नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी की श्रेणी में आने वाले मतदाताओं के अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए. किसी भी आवेदन के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा प्रत्येक मामले में आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित निर्वाचन दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न किया जाना चाहिए. सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में गंभीरता से प्रयास करें.












