जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का एक और मामला सामने आया है. बुधवार शाम अस्पताल पहुंची एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ही एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दे दिया. इसके बावजूद अस्पताल पहुंचने पर महिला और नवजात को तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी. परिजन करीब 15 मिनट तक स्वास्थ्यकर्मियों का इंतजार करते रहे, लेकिन प्रसव कक्ष से कोई नर्स नीचे नहीं पहुंची. यहां तक कि महिला को एंबुलेंस से उतारने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया. जानकारी के अनुसार, चाईबासा सदर अस्पताल से रेफर दो गर्भवती महिलाओं को बुधवार शाम करीब 5:15 बजे डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल लाया गया था. इनमें कोंदुबेड़ा निवासी सुकमती पूर्ति (पति पुत्कर पूर्ति) ने जमशेदपुर पहुंचने से पहले कांड्रा के समीप ही एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दे दिया था. (नीचे भी पढ़ें)

अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों को स्थिति की जानकारी दी. इसके बाद दूसरे तल्ले पर स्थित प्रसव कक्ष की एएनएम को सूचना भेजी गई. परिजन उम्मीद लगाए बैठे रहे कि स्वास्थ्यकर्मी नीचे आकर महिला और नवजात को सुरक्षित प्रसव कक्ष तक पहुंचाएंगे, लेकिन 15 मिनट से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई नहीं आया. स्थिति ऐसी हो गई कि परिजनों को खुद ही महिला को एंबुलेंस से उतारने की व्यवस्था करनी पड़ी. स्ट्रेचर नहीं मिलने पर वे महिला को व्हीलचेयर पर बैठाकर उतारने का प्रयास करने लगे. बाद में पास में खाली स्ट्रेचर दिखाई देने पर महिला को उस पर लिटाया गया और लिफ्ट के सहारे प्रसव कक्ष तक पहुंचाया गया. इस दौरान सबसे चिंताजनक स्थिति यह थी कि नवजात बच्ची की नाल तक नहीं काटी गई थी. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी काफी देर तक कोई स्वास्थ्यकर्मी मदद के लिए नहीं आया. बाद में जब एक नर्स नीचे पहुंची, तब तक परिजन महिला को प्रसव कक्ष में लेकर जा चुके थे. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने बताया कि चाईबासा से जमशेदपुर आने के दौरान ही एंबुलेंस में प्रसव हो गया था. ऐसे में अस्पताल पहुंचने के बाद तत्काल चिकित्सा सहायता मिलनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें खुद ही सारी व्यवस्था करनी पड़ी. हालांकि, बाद में अस्पताल में जच्चा और बच्चा दोनों के स्वस्थ होने की जानकारी मिली. इस घटना ने एक बार फिर एमजीएम अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.












