जमशेदपुर: बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती में प्रस्तावित विदेशी शराब दुकान खोलने का विरोध तेज होता जा रहा है. गुरुद्वारा बस्ती के निवासियों और गुरुद्वारा कमेटी के बाद अब बिष्टुपुर धर्म सास्था स्वामी अयप्पा मंदिर कमेटी ने भी इसके विरोध में उपायुक्त से हस्तक्षेप करने की मांग की है. इस संबंध में कमेटी की ओर से उपायुक्त को अनुरोध पत्र सौंपा गया है. पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, आबकारी विभाग और बिष्टुपुर थाना प्रभारी को भी भेजी गई है.कमेटी ने अपने पत्र में बताया है कि स्वामी अयप्पा मंदिर से महज दस फीट की दूरी पर मकान संख्या 74ए, रोड नंबर-4, गुरुद्वारा बस्ती, बिष्टुपुर आउटर सर्किल रोड पर विदेशी शराब की दुकान खोलने का प्रस्ताव है. (नीचे भी पढ़े)
कमेटी के अनुसार, इस क्षेत्र में सेंट मेरी हिंदी हाई स्कूल, सेंट मेरी इंग्लिश स्कूल, रामकृष्ण मिशन हिंदी एवं इंग्लिश स्कूल सहित कई शैक्षणिक और धार्मिक संस्थान मौजूद हैं. साथ ही यहां घनी आबादी भी है.कमेटी ने आशंका जताई है कि इस स्थान पर शराब दुकान खुलने से धार्मिक स्थलों की पवित्रता प्रभावित होगी और स्कूली बच्चों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ेगा. दुकान शुरू होने पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने, अप्रिय घटनाओं और यातायात की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है. इससे स्थानीय निवासियों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना पैदा होगी. कमेटी ने प्रशासन से जनहित और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित दुकान खोलने पर रोक लगाने की मांग की है.












