जमशेदपुर : नयी दिल्ली के ज्वाइंट काउंसिल ऑफ एक्शन के आह्वान पर आयकर विभाग, जमशेदपुर के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा प्रधान आयकर आयुक्त के चैंबर के समक्ष अर्धदिवसीय धरना आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम कर्मचारियों की लंबित एवं जायज़ मांगों के प्रति प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने तथा मांगों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर आयोजित किया गया. धरने का संयुक्त नेतृत्व इनकम टैक्स एसोसिएशन के सचिव के श्रीनिवास तथा आयकर कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र कर्ण ने किया. कार्यक्रम में आयकर विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जेसीए के आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की. इस अवसर पर आयकर कर्मचारी महासंघ (बिहार/झारखंड) के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि संगठन अपने सदस्यों के सम्मान, अधिकार, सेवा-सुरक्षा, बेहतर कार्य-परिस्थितियों एवं जायज़ मांगों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कर्मचारियों की डिमांड के समाधान तक संघर्ष को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. जब तक हमारी सभी जायज और न्यायसंगत मांगों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक हमारा विरोध जारी रहेगा. उन्होंने जेसीए के बैनर तले सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से एकजुट होकर आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया. जेसीए द्वारा घोषित आंदोलन के प्रथम चरण में लंच-ऑवर प्रदर्शन, काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन, पब्लिक सेमिनार व आउटरीज प्रोग्राम, प्रोटोकॉल ड्यूटी से दूरी, क्लर्किकल एवं डाटा इंट्री वर्क की आउटसोर्सिंग का विरोध, अर्धदिवसीय धरना तथा एक दिन का वॉकआउट जैसे कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं. यदि मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं होता है, तो आंदोलन के द्वितीय चरण में और अधिक प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सर्च, सर्वे व टीडीएस सर्वे में भागीदारी से अलग रहना तथा निर्धारित तिथियों पर पूरे दिन का काम से वॉकआउट शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
धरना के दौरान उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एक स्वर में अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता, अनुशासन और संघर्ष की प्रतिबद्धता दोहराई तथा जेसीए के आगामी सभी कार्यक्रमों को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया. जेसीए जमशेदपुर ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की जायज़ मांगों के समाधान तक संघर्ष लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से जारी रहेगा. धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र कुमार कर्ण ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में इनकम टैक्स एसोसिएशन के सहायक सचिव प्रवीण चौहान, अंजलि लकड़ा, संतोष चौबे, सुजीत कुमार, बिरमल हांसदा, घनश्याम चौबे, त्रिलोचन हरपाल, अनिता, अनिमा एवं अन्य ने किया.












