पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात जारी है. हाथियों के झुंड किसानों की तैयार धान की फसलों को चट कर रहा है और खेतों में लगी फसलों को रौंदकर बर्बाद कर रहा है. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.चार हाथियों के झुंड इन दिनों कालिकापुर पंचायत के बोराकाटा, डोकरसाई, गितिलडीह, पाथरभांगा, बांसडूंगरी, रोहिणीबेड़ा और ओड़काबेड़ा समेत आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है. हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.(नीचे भी पढ़े)

हाथियों ने अब तक किसान लव सरदार, राजू सरदार, मंजीत सरदार, भूतनाथ सरदार और मंगल सोरेन के खेतों में लगी धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. किसानों की मेहनत पर पानी फिरने से ग्रामीणों में नाराजगी है.ग्रामीणों की शिकायत के बाद पोटका पुलिस और वन विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों ने वन विभाग से फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने के साथ ही हाथियों को गांवों से दूर भगाने के लिए पटाखे और टॉर्च उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने हाथियों के उत्पात से सुरक्षा के लिए वन विभाग से ठोस पहल करने की अपील की है.












