जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में वाहन सुरक्षा को लेकर होमगार्ड जवानों ने सख्ती दिखाई. गुरुवार को पार्किंग में बिना लॉक किए खड़ी तीन बाइक को जवानों ने जब्त कर लिया. इस कार्रवाई से पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया. कुछ देर बाद तीनों बाइक के मालिक सामने आए. इसके बाद होमगार्ड जवानों ने उन्हें जमकर फटकार लगाई और दोबारा इस तरह की लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी. वाहन मालिकों द्वारा आवश्यक कागजात प्रस्तुत किए जाने और उनकी जांच के बाद तीनों बाइक को छोड़ दिया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

होमगार्ड प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के परिजन अक्सर अपनी बाइक बिना लॉक किए पार्किंग में छोड़ देते हैं. इससे वाहनों की चोरी होने की आशंका बनी रहती है. वाहन चोरी होने पर मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. साथ ही अस्पताल प्रबंधन और एमजीएम थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करते समय उसकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और बाइक को हमेशा लॉक करके ही जाएं. भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.












