
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच बुनियादी सुविधाओं की कमी एक बार फिर उजागर हुई. गुरुवार दोपहर इमरजेंसी में स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर मरीज आधे घंटे से अधिक समय तक एंबुलेंस में पड़े रहे. वहीं, कुछ मरीजों को व्हीलचेयर और गोद के सहारे इमरजेंसी तक पहुंचाना पड़ा. दोपहर बाद इमरजेंसी परिसर में एक साथ पांच एंबुलेंस और अन्य वाहन पहुंचने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. स्ट्रेचर नहीं मिलने पर मौके पर तैनात होमगार्ड जवानों ने इधर-उधर से तीन व्हीलचेयर की व्यवस्था की. इसके बाद ऑटो और अन्य वाहनों से पहुंचे तीन मरीजों को किसी तरह इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. वहीं, दो एंबुलेंस में आए गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के लिए इंतजार करना पड़ा. (नीचे देखे पूरी खबर)

करीब 10 मिनट तक और इंतजार करने के बाद स्ट्रेचर मिलने पर उन्हें अंदर ले जाया जा सका. इनमें चांडिल प्रखंड के दो और शहरी क्षेत्र के तीन मरीज शामिल थे. हैरानी की बात यह रही कि प्रसव के लिए पहुंची कुछ महिलाओं को टूटे हुए व्हीलचेयर के सहारे परेशानी के बीच लेबर रूम तक ले जाया गया. इससे परिजनों में नाराजगी देखी गई. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण उपलब्ध स्ट्रेचर और चेयर पर ही मरीजों का इलाज किया जा रहा है. ऐसे में नए मरीजों को एंबुलेंस से उतारकर इमरजेंसी तक पहुंचाने के लिए उपकरण उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं. मजबूरी में मरीजों को व्हीलचेयर या गोद में उठाकर ले जाना पड़ रहा है. वहीं, मौके पर मौजूद एक वार्ड ब्वॉय ने बताया कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए शाम चार बजे से साढ़े चार बजे तक मोर्चरी सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों में स्ट्रेचर की तलाश की गई, लेकिन कहीं भी उपलब्ध नहीं हो सका. ऐसे में सवाल उठता है कि गंभीर मरीजों के इलाज के लिए बने अस्पताल की इमरजेंसी में पर्याप्त स्ट्रेचर तक क्यों उपलब्ध नहीं हैं. इधर शाम 6 बजे के बाद इमरजेंसी के बाहर 3 स्ट्रेचर देखे गए, संभवतः कुछ मरीजों को वार्डों में शिफ्ट करने के बाद खाली हुआ.












