
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में घाटशिला निवासी 26 वर्षीय अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भयावह था कि दुर्घटना में उनका एक पैर शरीर से अलग हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. जानकारी के अनुसार, अंकित घूमने के उद्देश्य से जमशेदपुर आए थे. गुरुवार देर रात वह बाइक से साकची की ओर जा रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी दौरान बंगाल क्लब के पास एक बड़ी गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे में उनका एक पैर शरीर से अलग हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी गाड़ी के चालक और खलासी को पकड़ लिया. हादसे से आक्रोशित लोगों ने दोनों को घेर लिया. इस दौरान उन्हें भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा. कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इधर, स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंकित को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए (टीएमएच) रेफर कर दिया गया. फिलहाल टीएमएच में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. हादसे की सूचना अंकित के परिजनों को दे दी गई है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक परिवार का कोई भी सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा था. घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.












