नयी दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है. भाजपा पूरी सत्ता हाथ में लेने की कोशिश कर रही है. यह हमें स्वीकार नहीं है. चीन में हाथ उठाने का परंपरा चल रही हैं, वैसे ही भारत में करना चाहते हैं कि हाथ उठाकर बहुमत लेकर लोकतंत्र खत्म करेंगे. परिसीमन बिल को लेकर इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने शनिवार को सोनिया गांधी के आवास पर मीटिंग की. बैठक में विपक्ष ने परिसीमन बिल का विरोध करने पर सहमति बनाई. राहुल गांधी आज शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस मामले की जानकारी देंगे.खड़गे ने कहा नए परिसीमन से एससी-एसटी की सीटें बढ़ना चाहिए. सरकार जो बिल ला रही है, उसमें इसका प्रावधान नहीं है. नया बिल जो आने वाला है, उसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया. खड़गे ने कहा- चुनाव आयोग, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वोटर लिस्ट से हटाया. उसे ही परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है. यह हमें स्वीकार नहीं है. ज्ञानेश कुमार अपराधी है. उनके नेतृत्व में यह सब होगा तो सब गड़बड़ होगा. वोट चोरी के मामले में जैसा उन्हें डायरेक्शन मिला, वैसे ही परिसीमन में यह करेंगे. फेयर इलेक्शन के लिए ज्ञानेश तैयार नहीं है. असम और जम्मू-कश्मीर में इन्होंने गलत तरीके से परिसीमन किया.आज जब उनको महसूस हो रहा है कि नंबर आ गए, तब यह बिल ला रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
चंद लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि 850 सीटें बढ़ जाएंगी तो देश को बढ़ा नुकसान होगा. लोकतंत्र खत्म होगा.850 सीटें करके यह अपने हाथ में सत्ता लेना चाहते हैं, उनके हाथ सत्ता गई तो यह संविधान बदल सकते हैं. इसलिए हम इसका विरोध करेंगे.केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- अगर कोई इस पहल का विरोध करता है, तो सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पूरा देश उसे कभी माफ नहीं करेगा. इससे बेहतर कोई विधेयक या प्रावधान नहीं हो सकता.इसमें हर राज्य और हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है, चाहे वे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या महिलाएं हों. इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है.कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए एक व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है. पार्टी ने अपने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है.शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है. पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं.विदित हो कि केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी. इसके तहत लोकसभा और सभी राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है.किस राज्य में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ेंगी, यह तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होगी. आयोग महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षित सीटों की पहचान भी करेगा.आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे. इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे. इसके अलावा हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य नामित किए जाएंगे.















