जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 15 स्थित खान गली के पास शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है. यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ऑटो में सवार पिता-पुत्र को अंदरूनी चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. घटना के संबंध में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 7 निवासी शाहिद कादरी ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात अपने ऑटो से कपाली के ताज नगर स्थित अपनी भांजी के घर जा रहे थे. इसी दौरान खान गली के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो (जेएच 05डीएच1522) ने उनके ऑटो (जेएच05यू3721) को टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में शाहिद कादरी और उनके बेटे रेहान कादरी को अंदरूनी चोटें आईं. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. शाहिद कादरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त ऑटो ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था. ऑटो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है. उन्होंने दुर्घटना के लिए रोजगार चालक से ऑटो का मुआवजा दिलाने और पिता-पुत्र के इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है. घटना की सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है.












