जमशेदपुर : झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 हो सकती हैं. इसके तहत कोल्हान की सीटें भी बदल जायेगी. बताया जाता है कि कोल्हान प्रमंडल में तीन जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिला में दो लोकसभा सीट है. इसमें अभी जमशेदपुर और सिंहभूम संसदीय सीट है. इसकी सीट को तीन किया जाना है. प्रस्ताव के मुताबिक, सरायकेला खरसावां जिले के हिस्से और रांची के चांडिल से चौका तक के हिस्से को मिलाकर एक लोकसभा सीट बनाया जा सकता है. चांडिल समेत आसपास का इलाका अभी रांची लोकसभा सीट में आते है. परिसीमन को लेकर यह प्रस्ताव तैयार किया गया है. अभी के दो लोकसभा सीट को बढ़ाकर तीन कर दिया जा सकता है.
विधानसभा सीटें नये सिरे से तय होगी
परिसीमन आयोग ने झारखंड राज्य के संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को लेकर अपना ड्राफ्ट प्रस्ताव तैयार किया था. आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम की विधानसभा सीटों की सीमाओं में बड़े बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं. इस प्रस्ताव के तहत जहां कुछ पुरानी सीटों के नाम बदले गए हैं, वहीं आदित्यपुर, मानगो, चांडिल और बागबेड़ा जैसी नई विधानसभा सीटों के गठन की रूपरेखा तैयार की गई है. आयोग ने इस प्रस्ताव पर आम जनता और राजनीतिक दलों से आपत्तियां और सुझाव मांगे थे. इसके बाद इसका प्रस्ताव तैयार किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
पश्चिमी सिंहभूम : चारों विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित
प्रस्तावित परिसीमन के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले की चारों विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित रहेंगी. इसके तहत 69-मनोहरपुर (एसटी) सीट में गोइलकेरा, मनोहरपुर और नोवामुंडी प्रखंडों को शामिल किया गया है. 70-जगन्नाथपुर (एसटी) में तांतनगर, मंझारी, जगन्नाथपुर, कुमारडुंगी और मझगांव प्रखंड रखे गए हैं. 71-चाईबासा (एसटी) में खूंटपानी, टोंटो, चाईबासा और झींकपानी प्रखंड शामिल होंगे, जबकि 72-चक्रधरपुर (एसटी) क्षेत्र के अंतर्गत सोनुवा, बंदगांव और चक्रधरपुर प्रखंडों को रखा गया है.
सरायकेला : आदित्यपुर नई सीट, चांडिल सामान्य
सरायकेला-खरसावां जिले में तीन विधानसभा सीटों का प्रस्ताव है. 73-सरायकेला (एसटी) सीट में कुचाई, खरसावां और सरायकेला प्रखंड के अलावा गम्हरिया (आदित्यपुर) प्रखंड की 14 ग्राम पंचायतों (बड़ा कांकड़ा, बांदडीह, नारायणपुर, बीरबांस, मुरिया, दुगनी, डुमरा, तेतोपोसी, चमारू, बुरुडीह, रापचा, कालिकापुर, दुगधा और छोटा गम्हरिया) को जोड़ा गया है. वहीं, 74-आदित्यपुर को सामान्य सीट के रूप में प्रस्तावित किया गया है, जिसमें राजनगर (गोविंदपुर) प्रखंड, गम्हरिया प्रखंड की 6 पंचायतें (मुरकुम, नुआगढ़, ईटागढ़, दुदरा, जायकान व जगन्नाथपुर), कांड्रा व कालिकापुर जनगणना नगर और आदित्यपुर अधिसूचित क्षेत्र शामिल होंगे. जिले की तीसरी सीट 75-चांडिल (सामान्य) में चांडिल, ईचागढ़ और नीमडीह प्रखंडों को शामिल किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर एक सीट होगा, मानगो व बागबेड़ा नई सीटें, घाटशिला सामान्य
प्रस्तावित ड्राफ्ट में सबसे बड़ा बदलाव पूर्वी सिंहभूम जिले में देखने को मिल रहा है. 76-मानगो नई विधानसभा सीट होगी, जिसमें पटमदा प्रखंड और मानगो अधिसूचित क्षेत्र को रखा गया है. 77-बागबेड़ा सीट में जुगसलाई नगरपालिका, बागबेड़ा जनगणना नगर और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 81 तथा 189 व 190 को शामिल किया गया है. 78-जमशेदपुर सीट में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र के वार्ड संख्या 82 से 188, 191 से 195 और टाटानगर रेलवे कॉलोनी के वार्ड संख्या 196 से 204 रखे गए हैं. इसके अलावा 79-घाटशिला को सामान्य सीट के रूप में प्रस्तावित करते हुए इसमें घाटशिला प्रखंड, गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड की 14 पंचायतों (भेलाईपहाड़ी, परसुडीह, कीताडीह, गदड़ा, हरहरगुट्टू, करनडीह, सरजामदा, हलुदबनी, जोराडीह कदमा, बोराबोधा, पीपला, हीराचुनी, दलापानी व सुकलारा) के साथ हलुदबनी, सरजामदा, गदड़ा, छोटा गोविंदपुर और घोड़ाबांधा जनगणना नगर को जोड़ा गया है. वहीं 80-पोटका (एसटी) में पोटका, मुसाबनी और डुमरिया प्रखंडों को शामिल किया गया है. अभी पूर्वी सिंहभूम में घाटशिला एसटी आरक्षित सीट है. जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम दो सीट है, जिसको एक किया जाना है.












