पटमदा : कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. टाटा-काटिन मुख्य सड़क पर किनारे खड़े हाइवा में तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान राखडीह गांव निवासी दुलाल कुंभकार (पिता ऋषि कुंभकार) और काटिन बाजार निवासी ओम षाड़ंगी (पिता स्व मोहन षाड़ंगी) के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे दोनों युवक बाइक से काटिन बाजार से पटमदा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान काटिन पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा को बाइक चालक देख नहीं पाया और तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची कमलपुर थाना की पुलिस ने दोनों घायलों को माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से दोनों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दुलाल कुंभकार की हालत चिंताजनक है. उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही है. वहीं, ओम षाड़ंगी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. इस संबंध में कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि सड़क किनारे खड़े हाइवा में बाइक टकराने से दो युवक घायल हुए हैं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.











