चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के दांडिका गांव से सटे खेत में विगत कुछ दिनों से एक शव होने की सूचना से क्षेत्र के लोग काफी डरे और सहमे हुए हैं. खेत से सटी झाड़ियों में सड़ा-गला अज्ञात शव पड़ा हुआ है. मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. घटना की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पहुंची एवं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी हुई है. इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई है. हालांकि घटना स्थल पर शव को घसीटने के भी निशान मिले हैं, जिससे उसकी हत्या किये जाने की आशंका भी जताई जा रही है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी.














