
जमशेदपुर : देश की सबसे बड़ी स्टील निर्माता कंपनी टाटा स्टील के नाम पर फर्जी तार और स्टील के प्रोडक्ट बनाने का बड़ा काला कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है. गुप्त सूचना के आधार पर टाटा स्टील की ब्रांड प्रोटेक्शन टीम ने झारखंड की राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के अपर बाजार स्थित चार दुकानों में छापामारी की, जहां बड़े पैमाने पर टाटा स्टील के वायर प्रोडक्ट टाटा वायरन के नाम पर फर्जी कंटीले तार और बाइंडिंग वायर को जब्त किया. करीब 41 बंडल टाटा रोज और रोट जाजा नगर बाइंडिंग वायर को जब्त किया गया. यह छापामारी दोपहर से शुरू हुई है, जो जारी है.

वहां से मिली सूचना के आधार पर फिर से सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के थर्ड फेज सी 47 स्थित राज वायर प्रोडक्ट कंपनी में भी छापामारी की गयी, जहां बड़े पैमान पर टाटा के नाम पर फर्जी तार और कंटीले तार बनाये जा रहे थे. यह कंपनी उद्यमी राजेश सिंह का है, जो पहले बिल्लू कपिला के साथ था, जिसने अपना काम शुरू किया है. वहां टाटा के नाम पर डुप्लीकेट तार और सामान बनाया जा रहा था जबकि पैकेजिंग भी की जा रही थी. वहां के पैकेजिंग करने वाले सारे सामानों को भी जब्त किया गया. वहां के फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने इस बात की पुष्टि की है कि छापामारी चल रही है. आरआइटी थाना क्षेत्र का यह मामला है, जिसकी तफ्तीश की जा रही है. अभी ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है. वैसे अब तक पूरा साफ नहीं हो पाया है कि कितने का माल जब्त हुआ और कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है. देर शाम तक छापामारी समाप्त होने के बाद सबकुछ साफ हो जायेगा कि कितना का माल पकड़ा गया है और कौन लोग इस काले धंधे में शामिल थे. टाटा स्टील अपने ब्रांड को लेकर काफी संजिदा है, जिसके नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जी उत्पाद बनाकर टाटा के नाम पर बेचा जा रहा है, जिसके खिलाफ अभियान पूरे देश भर के स्तर पर चलाया जा रहा है.












