
जमशेदपुर : टाटा स्टील में सोमवार की दोपहर तारपेडो के ब्लास्ट की घटना की जांच के आदेश दे दिये गये है. कंपनी की आंतरिक कमेटी बनायी गयी है, जो इस घटना के कारणों की जांच करेगी. इस बीच फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने भी टाटा स्टील में घटी घटना की जांच के आदेश दे दिये गये है. इसकी जांच शुरू कर दी गयी है. इस बीच टाटा स्टील की ओर से अधिकारिक बयान जारी किया गया है. कंपनी ने बताया है कि 18 जनवरी को दोपहर लगभग 12:30 बजे स्लैग रोड गेट के समीप हॉट मेटल पूलिंग में स्लैग पूलिंग संचालन के दौरान इसी क्षेत्र के आसपास आग की लपट के साथ एक हल्के विस्फोट की घटना हुई. जांच-पड़ताल से पता चला कि वहां की जमीन पहले से गीली थी और वहां हॉट स्लैग गिराने से विस्फोट हुआ. विस्फोट के कारण निकली आग की लपट पर स्थापित अग्नि नियंत्रण और सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार तत्काल काबू में कर लिया गया. दुर्भाग्यवश, इस घटना से वहां तैनात फोरमैन का दाहिना पांव ‘सतही’ रूप से जल गया. घायल में एक ठेका मजदूर भी था, यह कंपनी ने माना है. उक्त कर्मचारी को आवश्यक मेडिकल फर्स्ट ऐड दिया गया और वह काम पर लौट आए हैं. घटना से किसी ऑपरेटिंग प्लांट या उपकरण को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सामान्य परिचालन आरंभ कर दिया गया है. यह सुनिश्चित करने के लिए इस घटना की आगे भी जांच की जाएगी कि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना दोबारा न हो. टाटा स्टील अपने स्टील प्लांट, अपने कर्मचारियों की सुरक्षा व संरक्षा के प्रति हमेशा कटिबद्ध है और अपने सभी स्टेकहोल्डरों के लिए एक सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए यह निरंतर प्रयासरत है. वैसे अपने बयान में इस बात को स्वीकारकिया है कि दो लोग इस घटना में घायल हुए है, जिसमें एक फोरमैन है जबकि एक ठेका मजदूर शामिल है. फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले की जांच भी की है.






