
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने सोमवार को 32वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ सोमवार से किया गया. 18 जनवरी से 17 फरवरी तक यह सुरक्षा माह कंपनी के सभी लोकेशनों में मनाया जायेगा. समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील सेफ्टी, हेल्थ ऐंड सस्टेनेबिलिटी के वीपी संजीव पॉल ने एसएचई एक्सीलेंस सेंटर, जमशेदपुर में एक महीने तक चलने वाले सड़क सुरक्षा अभियान और संबंधित गतिविधियों का उद्घाटन किया. मौके पर चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा, चीफ, प्रोसेस सेफ्टी राजेश कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे. संजीव पॉल ने सभी सुरक्षा पेशेवरों को सुरक्षा में रोल मॉडल बनने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि सुरक्षा पेशेवरों के स्वत्व भाव और उनकी जिम्मेदारी से सड़क की घटनाओं को खत्म करने में मदद मिलेगी और शून्य नुकसान के लक्ष्य तक पहुंचने में टाटा स्टील की यात्रा को गति मिलेगी. नीरज कुमार सिन्हा ने अभियान के लिए संदर्भ निर्धारित किया. उन्होंने नवीनतम सड़क घटना के आंकड़ों और पूरे महीने के लिए कंपनी के विभिन्न लोकेशनों पर योजनाबद्ध गतिविधियों का विवरण प्रदान किया. महीने भर लंबे अभियान में दृश्य संख्या वाले नंबर प्लेटों को बढ़ावा देना, पैदल यात्री की सुरक्षा, दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच, वाइजर व चिन स्ट्रिप के साथ क्रैश हेलमेट का उपयोग, सड़क सुरक्षा पर क्विज, ड्राइविंग के सेफ्टी स्टैंडर्ड पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी गतिविधियां शामिल होंगी. उद्घाटन समारोह में सड़क पर जीरो हार्म के प्रति कटिबद्धता के साथ सड़क सुरक्षा के महत्व पर संबंधित विभागों के हेड द्वारा मास मींटंग और रोल-आउट स्पीच दिया गया. कार्यक्रम भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के तत्वावधान में मनाया जाता है.




