
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन में चुनावी कार्यक्रम की बुधवार को घोषणा संभव है. मंगलवार को ही इसकी घोषणा होनी थी. चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह और चुनाव समिति के सारे छह सदस्यों की बैठक हुई. इस बैठक में सीट निर्धारण पर विस्तार से चर्चा की गयी और लगभग फाइनल किया जा चुका है कि सीटें कैसे बननी है. इधर टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनावी कार्यक्रम और चुनाव क्षेत्रों के निर्धारण की घोषणा को अंतिम समय में रोक दिया गया. बताया जाता है कि शैलेश सिंह के आने के बाद इसकी घोषणा को रोक दी गयी. अब तय किया गया है कि नये सिरे से सारी चीजें तय होकर बुधवार को इसकी घोषणा होगी.

इस बीच यूनियन के चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह और चुनाव समिति पर सवाल उठाये जाने का विरोध भी कमेटी मेंबरों ने किया है. कमेटी मेंबरों की एक बैठक रिटर्निंग ऑफिसर पर उठते सवालों को लेकर हुआ. इस दौरान कमेटी मेंबरों ने अपना बयान जारी कर कहा है कि टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी कमेटी मेंबर और मज़दूर को बताना चाहते हैं कि अभी सत्ता पक्ष के कुछ तथाकथित धुरंधर नेतागण जो प्रेस के माध्यम से बोल रहे हैं कि रिटर्निंग ऑफिसर सीटों की गड़बड़ी कर रहे हैं और मन मुताबिक सीट बना रहे हैं, तो पिछले इलेक्शन में सत्ता पक्ष के ”लैपटॉप बाबाओं” ने चमरिया गेस्ट हाउस और कैंसर रेस्ट हाउस में रात के 3:00 बजे तक सीट बनयी थी क्यों भूल गए. किसकी सीटें बनवानी है, किसकी सीटें खराब करनी है, वहां मंथन होता था क्योंकि मैं भी उन लोगों के साथ था. उन लोगों को अपनी पुरानी बातों को याद करना चाहिए तब किसी के ऊपर ऊंगुली उठानी चाहिए यह वही कहावत है खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे. इन लोगों ने वेज रिवीजन समेत मेडिकल एक्सटेंशन बंद करने जैसे अनेको काम किए हैं जिसके एवज में हमारे कमेटी मेंबरों ने सबसे पहले इन सत्ताधारी के रिटर्निंग ऑफिसर को हराकर जवाब देने का ट्रेलर दिखाया है और आने वाले चुनाव में इन्हें बुरी तरह हराकर टीम टुन्नु चौधरी और सतीश सिंह इनका मुंहतोड़ जवाब देगी. उपरोक्त बयान एलडी 2 के कमिटी मेंबर अब्दुल रफीक के आवास पर कमिटी मेंबरों की एक बैठक में एलडी 1 के कमिटी मेंबर जोगिंदर सिंह जोगी द्वारा दिया गया, जिसमें प्रमुख तौर पर सरोज कुमार सिंह, सुनील कुमार, प्रदीप पंडित, लक्ष्मण सिंह, टी लाल समेत 25 कमिटी मेंबर उपस्थित थे.












