
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे ही इसको लेकर विवाद अब सतह पर आने लगा है. यूनियन चुनाव में अब दबंगई का भी मामला सामने आ चुका है. ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में घटी है जहां सिदगोड़ा थाना में एक शिकायत कमिटी मेंबर के लिए नामांकन करने वाले अशोक कुमार नायक के प्रस्तावक संतोष कुमार और अमित कुमार पाल को धमकाने का मामला सामने आया है. अशोक कुमार नायक टाटा वर्कर्स यूनियन के स्पेयर मनुफैक्चरिंग डिपार्टमेंट (एसएमडी) से कमेटी मेंबर का चुनाव लड़ रहे हैं. करीब 10 वर्षों से यहां से संजीव चौधरी टुन्नू और सतीश सिंह गुट के मनोज मिश्रा चुनाव जीतते आ रहे हैं. गणतंत्र दिवस के दिन सिदगोड़ा थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. लिखित शिकायत में टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव के उम्मीदवार अशोक कुमार के प्रस्तावक बनने पर ट्यूब बारीडीह निवासी संतोष कुमार साह और अमित कुमार ने अपने लिखित शिकायत में बताया है कि वह चुनाव क्षेत्र संख्या 150 में अशोक कुमार नायक के प्रस्तावक है. इसकी जानकारी मिलने पर उसी निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार मनोज कुमार मिश्रा और उसका भाई प्रभाकर मिश्रा ने फोन पर धमकी दी और घर पर आकर अशोक कुमार नायक का समर्थन नहीं करने की धमकी दी. ऐसा नहीं करने पर ड्यूटी नहीं करने देने की बात कही और कहा कि बात नहीं मानने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है. इधर संजीव चौधरी टुन्नू और सतीश सिंह ने इसको राजनीति बताया है. मनोज मिश्रा ने खुद कहा कि वे अपने मतदाता के पास वोट मांगने गए थे कि अचानक से अरविंद पांडेय और अन्य लोग आकर उनको ही धमकाने लगे. एक वोटर के पास प्रत्याशी को जाने से रोकना गलत है.






