
जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास के जमशेदपुर स्थित एग्रिको के आवास को आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं ने घेराव कर दिया. मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे जुलूस की शक्ल में काफी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं और पोषण सखियां एग्रिको लाइट सिग्नल से निकली और पैदल ही उनके आवास पर पहुंचकर नारेबाजी की. वहां पहले से ही मौजूद अधिकारियों ने उनका ज्ञापन लिया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों से मुख्यमंत्री रघुवर दास को अवगत करा दिया जायेगा. गौरतलब है कि झारखंड की आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं और पोषण सहिया 21 अगस्त से बेमियादी हड़ताल पर चली गयी है. वे लोग सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया है और धरना भी दे चुके है. अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे लोग 31 अगस्त को राज्य के सारे मंत्रियों के घर का घेराव करने की घोषणा की है, जो 48 घंटे का होगा. मुख्यमंत्री के भी घर को घेरने की घोषणा की गयी है. 48 घंटे तक सीएम का आवास घेरने के लिए महिलाएं अपनी जोर लगायेंगी.

क्या है इनकी मांगें :
- सेविकाओं और सहायिकाओं के लिए नियमावली बनायी जाये
- सेविकाओं और सहायिकाओं को तृतीय और चतुर्थवर्गीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाये
- समान काम का सामान वेतन उनके लिए भी लागू किया जाये
- सेविकाओं को 18 हजार तथा सहायिकाओं को नौ हजार रुपये के अलावा क्रमश: 10-10 हजार और पांच-पांच हजार रुपये का अतिरिक्त मानदेय दिया जाये
- सेविकाओं और सहायिकाओं की सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा 65 साल किया जाये
- सेवानिवृत्ति के बाद पांच लाख रुपये का एकमुश्त आर्थिक लाभ के अलावा पेंशन दिया जाये
- कार्यावधि में मृत्यु होने पर बहू अथवा बेटी की अनुकंपा पर बहाली की जाये
- हड़ताल अवधि का मानदेय सुनिश्चित किया जाये







