
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कटुशोल और ढिलाहारा गांव में बीती रात एक हाथी ने गांव में घुस कर जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने खाने की खोज में ढिलाहारा प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर स्कूल भवन के दरवाजे को धकेल कर तोड़ने का प्रयास किया. इससे दरवाजा टेढा हो गया है. वहीं हाथी ने एक घर को भी निशाना बनाया. हाथी द्वारा गांव में तोड़फोड़ करने से रात भर ग्रामीण भयभीत रहे. बार-बार हाथी के गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी को भगाने के लिए उनके पास पर्याप्त साधन भी नहीं है. हाथी के गांव आने से लोगों को घर से बाहर निकला मुश्किल हो गया है. हाथी के भय से शाम होते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक जा रहे हैं.





