
जमशेदपुर : आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड, पदमपुर के प्रबंध निदेशक राघवेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं से तम्बाकू सेवन से दूर रहने का आग्रह किया। श्री सिंह रविवार को कंपनी परिसर में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड, पदमपुर के कर्मचारियों और अनुबंध एजेंसियों के कर्मचारियों ने कंपनी परिसर में कोरोना दिशानिर्देश का पालन करते हुए तथा सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए तम्बाकू के इस्तेमाल के खिलाफ एकजुटता दिखाई थी।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रबंध निदेशक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि तम्बाकू सेवन समाज के युवाओं को बर्बाद कर रहा है, इसे रोका जाना अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने आगे कहा, तम्बाकू सेवन कैंसर सहित कई जानलेवा बीमारियों का सबसे बड़ा कारण है। सरकार ने तम्बाकू सेवन के खिलाफ कई कानून बनाए हैं, लेकिन हमारे समाज में जागरूकता का अभाव है।
कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक बड़ा कैनवास स्थापित किया गया था जिसमें कर्मचारियों ने तम्बाकू के उपयोग के खिलाफ संदेश लिखे। प्रबंध निदेशक, राघवेन्द्र कुमार सिंह वह व्यक्ति थे जिन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में सबसे पहले हस्ताक्षर किए। उनके अलावा सीईओ, राकेश गुप्ता और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कैनवास पर हस्ताक्षर कर अभियान को सफल बनाया।







