
जमशेदपुर : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षक नेता सुनील कुमार के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन मंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के शिक्षकों को पीडीएस दुकानों तथा राशन कार्ड सत्यापन से मुक्त करने के संबंध में एक ज्ञापन देकर मंत्री श्री गुप्ता से वार्ता की। संघ ने कहा है कि पीडीएस दुकानों तथा सुसुप्त एवं डुप्लीकेट राशन कार्डो की जांच कर आप पात्र राशन कार्डो को रद्द करने संबंधी कार्य में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति बिल्कुल अनुचित है। यह कोरोना आपदा के तहत कोई राहत से जुड़ा सेवा कार्य न होकर खाद्य आपूर्ति विभाग का रूटीन काम है। इस कार्य के तहत यदि किसी और पात्र राशन कार्ड धारी का राशन कार्ड रद्द किया जाता है तो उस राशन कार्डधारी के कोपभोजन का शिकार शिक्षकों को बनना पड़ सकता है। ज्ञात हो कि शिक्षक कोरोना संकटकाल में पहले से ही क्वॉरेंटाइन सेंटर, कंटेनमेंट जोन, चेकनाका आदि में प्रतिनियुक्त होकर कोरोना योद्धा के रूप में अपनी सेवा दे रहे हैं। राशन कार्ड जांच से शिक्षकों को मुक्त करने संबंधी मांग पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में शिक्षक नेता सुनील कुमार के अलावा श्याम नंदन सिंह, सरोज कुमार लेंका, माधिया सोरेन समेत कई शिक्षक शामिल थे।







