आदित्यपुर : आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई. रविवार सुबह कल्पनापुरी निवासी उत्सव राज का शव भी बरामद कर लिया गया, जबकि शनिवार को एस टाइप निवासी लव का शव गोताखोरों की मदद से निकाला गया था. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दोनों छात्र चेक डैम में नहाने गए थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना के बाद एक छात्र का शव शनिवार को मिला, जबकि दूसरे की तलाश रविवार सुबह पूरी हुई. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चेक डैम पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है. ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.






