आदित्यपुर : कुख्यात अपराधी कादिम खान के छोटे बेटे ने बीती रात अपने गुर्गों के साथ स्थानीय दिंदली बाजार स्थित प्रेम वस्त्रालय में पहुंच कर हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की, इससे सहमें स्थानीय दुकानदारों ने रविवार को थानेदार से सुरक्षा की गुहार लगाई है. वहीं थानेदार राजन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है एवं उन्हें भयमुक्त होकर कारोबार चलाने की सलाह दी है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि आदित्यपुर क्षेत्र के कुख्यात अपराधी कादिम खान का छोटा बेटा विगत रात अपने गुर्गों के साथ दिंदली बस्ती बाजार स्थित प्रेम वस्त्रालय आ धमका एवं दुकानदार से हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की. हफ्ता वसूली को लेकर उसकी इस धमकी से भयभीत स्थानीय दुकानदारों ने रविवार को थानेदार से मुलाकात कर उनसे सुरक्षा की गुहार लगाई. थानेदार राजन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया एवं व्यापारियों से निर्भय होकर अपना कारोबार चलाने को कहा. उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे जो भी हो, किसी भी कीमत पर उन्हें पनपने नहीं दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़ें)
दुकानदारों ने विगत रात की घटना से सम्बंधित विडियो क्लिप भी थानेदार को उपलब्ध कराया है, जिसके आधार पर थाना प्रभारी सभी आरोपियों की धरपकड़ में जुट गए हैं. उधर थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद सभी दुकानदार वापस लौट कर अपने प्रतिष्ठानों को खोल कारोबार लगे हुए हैं. बता दें कि कादिम खान भी दिंदली बाजार में ही चोरी और छिनतई कर बड़ा अपराधी बना है. आज उसके तीन भाई, पत्नी, एक बेटा विभिन्न मामलों में जेल की सलाखों के पीछे हैं. दुकानदारों ने बताया कि 22 जून की रात से कादिम का छोटा बेटा लगातार कई दुकानदारों को डरा धमका कर रंगदारी की मांग कर रहा है, जिसको लेकर सभी दुकानदार दहशत में हैं.



