आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में एक साल पूर्व ब्याही गयी कपाली गौसनगर की 22 वर्षीया फरजाना परवीन ने अपने पति एवं ससुराल वालों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में केस दर्ज कराया है. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार देर शाम 20 दिनों की नवजात बेटी को लेकर फरजाना घायल अवस्था में अपने परिजनों साथ थाना पहुंची, जहां उसने अपने शौहर सलीम अंसारी पर मारपीट करने और सास व अन्य पर उसे बढ़ावा देने की शिकायत दर्ज कराई. बतौर फरजाना शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसका शौहर उसके साथ जानवरों की तरह सलूक करने लगा. वह आये दिन मार-पीटकर उसे जख्मी कर देता है. 20 दिन पूर्व उसने एक बच्ची को जन्म दिया है, बावजूद इसके उसके साथ मारपीट करता है. मंगलवार को भी उसे मारपीट कर घायल कर दिया. इसकी सूचना मिलने पर परिजन देर शाम उसे लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है. फरजाना ने बताया कि उसका पति वेल्डर का काम करता है.




