आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में हुए ओवन ब्लास्ट में घायल मजदूर मुरली की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे में कुल सात मजदूर घायल हुए थे, जिनमें से कुछ का इलाज अब भी जारी है. मजदूर की मौत के बाद परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर लंबे समय तक वार्ता चली. परिजनों ने 40 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी, लेकिन शुरुआती दौर में इस पर सहमति नहीं बन सकी. (नीचे भी पढ़ें)

कई दौर की बातचीत और घंटों चली वार्ता के बाद आखिरकार दोनों पक्ष समझौते पर पहुंच गए. समझौते के तहत कंपनी प्रबंधन ने मृतक मुरली के परिजनों को 10 लाख 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई. मुआवजे की राशि तय होने के बाद विवाद समाप्त हो गया. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना ओवन ब्लास्ट के कारण हुई थी.



